• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में यूजी पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ।

Published on: 16 May 2026

*आईजीयू में यूजी पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय शिक्षण विभागों में संचालित विभिन्न स्नातक एवं एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी कर दी गई है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 मई 2026 से प्रारंभ होगी तथा अभ्यर्थी 10 जून 2026 रात्रि 11:59 बजे तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igu.ac.in पर आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष विद्यार्थियों के लिए रोजगारोन्मुखी एवं आधुनिक पाठ्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रवेश हेतु एम.कॉम 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड, एमबीए 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड, बीएचएमसीटी (होटल एवं पर्यटन प्रबंधन), बी.एससी. (ऑनर्स/रिसर्च) गणित, बी.एससी. (ऑनर्स/रिसर्च) रसायन विज्ञान, बीए डिफेंस स्टडीज, बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (बीजेएमसी), बीटेक सीएसई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग), बैचलर ऑफ फिजिकल साइंसेज तथा बैचलर ऑफ लाइफ साइंसेज जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध रहेंगे। अधिकांश पाठ्यक्रमों में 60 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि बीए डिफेंस स्टडीज एवं बीजेएमसी में 30-30 सीटें उपलब्ध होंगी।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण एवं काउंसलिंग शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है, वहीं हरियाणा के एससी, बीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) एवं दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 750 रुपये निर्धारित किया गया है।

प्रवेश के लिए पात्रता संबंधी मानदंड भी निर्धारित किए गए हैं। अधिकांश पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु अभ्यर्थियों का 12वीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (हरियाणा के एससी/एसटी/दिव्यांग अभ्यर्थियों हेतु 47.5 प्रतिशत) के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। बीटेक सीएसई (एआई एवं एमएल) कार्यक्रम के लिए अभ्यर्थियों के पास फिजिक्स एवं मैथ्स अनिवार्य विषय होने चाहिए तथा जेईई मेन्स स्कोर भी आवश्यक रहेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रवेश पूरी तरह शैक्षणिक मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। 

विश्वविद्यालय ने राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के लिए सीटों का विस्तृत वर्गीकरण भी जारी किया है। विभिन्न विषयों में उपलब्ध सीटों के विवरण, पात्रता एवं फीस के संबंध में विस्तृत विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट  https://www.igu.ac.in

पर उपलब्ध है।

विश्वविद्यालय द्वारा संचालित बीटेक सीएसई (एआई एवं एमएल) कार्यक्रम में प्रवेश हरियाणा स्टेट टेक्निकल एजुकेशन सोसायटी (HSTES) के माध्यम से किए जाएंगे। बीटेक कार्यक्रम हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 15 मई 2026 से प्रारंभ होकर 18 जून 2026 तक चलेगा। प्रवेश जेईई मेन्स-2026 की ऑल इंडिया रैंक के आधार पर होंगे।

इसी प्रकार बी.फार्मेसी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 8 जून 2026 निर्धारित की गई है। बी.फार्मेसी में प्रवेश HSTES द्वारा आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (OCET-2026) के आधार पर होंगे। इन कार्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी www.techadmissionshry.gov.in पर उपलब्ध रहेगी।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार काउंसलिंग कार्यक्रम बाद में विश्वविद्यालय की वेबसाइट के एडमिशन पोर्टल पर जारी किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील कि है कि वे आवेदन करने से पूर्व पात्रता, शुल्क संरचना एवं दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें तथा समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।